Business Featured

हिंदुस्तान पेंसिल्स ने घोटालेबाजों के खिलाफ उठाया कदम

1958 में स्थापित लेखन सामग्री और स्टेशनरी वस्तुओं की जानी मानी निर्माता कंपनी, हिंदुस्तान पेंसिल्स प्राइवेट लिमिटेड (एचपीपीएल)  ने भोली-भाली आम जनता को फर्जी नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी से बचाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। हाल के समय में कंपनी ने देखा है कि उनके प्रतिष्ठित पेंसिल ब्रांड नटराज और अप्सरा के नाम पर अनुचित तरीके से नौकरी के फर्जी ऑफर देकर धोखाधड़ी के मामले तेज़ी से फैले हैं।

यह घोटालेबाज धोखाधड़ी करते हुए खुद को एचपीपीएल के वैध प्रतिनिधि के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं। वे एचपीपीएल के पंजीकृत ऑफिस के पते और साथ ही इसके कर्मचारियों की तस्वीरों का इस्तेमाल करके भोली भाली जनता और शक न करने वाले लोगों को धोखा दे रहे हैं। वे इन लोगों को गूगल, लिंक्डइन, वॉट्सऐप और अन्य ऑनलाइन प्लैटफॉर्म सहित विभिन्न डिजिटल मीडिया के माध्यम से तथाकथित रूप से घर बैठे पेंसिल पैकेजिंग की नौकरी का झाँसा देकर ठग दे रहे हैं। इन गुमराह करने वाले ऑफर्स के कारण कई दुर्भाग्यपूर्ण मामले सामने आए हैं जिसमें नौकरी की तलाश करने वाले मासूम लोग इन घोटालों का शिकार हुए हैं और उन्हें पैसों का नुकसान झेलना पड़ा है।

हिंदुस्तान पेंसिल्स के वाईस प्रेसिडेंट,  श्री प्रदीप उघड़े ने कहा, “अपने ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण स्टेशनरी उत्पाद उपलब्ध कराने की विरासत पर हमें बेहद गर्व है। यह देखकर हमें बहुत दुख होता है कि नौकरी की तलाश करने वाले मासूम लोगों को शिकार बनाने के लिए घोटालेबाजों द्वारा नटराज और अप्सरा ब्रांड के नाम का दुरूपयोग किया जा रहा है। धोखाधड़ी की इन गतिविधियों को खत्म करने और यह सुनिश्चित करने के लिए हमारा यह दृढ संकल्प है कि आम जनता को पूरी जानकारी प्राप्त हो और वे संपूर्ण रूप से सुरक्षित रहें।”

हिंदुस्तान पेंसिल्स सभी व्यक्तियों से अपील करती है कि वे ऑनलाइन माध्यम से नौकरी के अवसर तलाशते हुए सावधानी बरतें और जाँच-पड़ताल कर लें। नौकरी तलाशने वालों को कंपनी द्वारा यह सलाह दी जाती है कि वे इन धोखाधड़ी का शिकार होने से बचने के लिए अधिकृत वेबसाइट और प्राधिकृत चैनलों के माध्यम से प्रत्यक्ष रूप से इन ऑफर्स की जाँच करें। 

साल 1958 से उन्नत टेक्‍नोलॉजी के माध्यम से पेंसिल और अन्य स्टेशनरी वस्तुओं के निर्माण में पथप्रदर्शक होने के नाते एचपीपीएल ने घर बैठे पेंसिल पैकेजिंग की नौकरी के ऐसे किसी भी प्रस्ताव को कभी प्राधिकृत नहीं किया है। नौकरी पाने की महत्वाकांक्षा रखने वाले उम्मीदवारों और आम जनता को एचपीपीएल यह सूचित करना चाहती है कि एचपीपीएल में नौकरी भर्ती एक सुस्थापित चयन प्रक्रिया के माध्यम से की जाती है। यह स्पष्ट सूचित किया जाता है कि एचपीपीएल द्वारा किसी भी वेबसाइट या एजेंसी को अधिकृत नहीं किया गया है कि वे अपने वेबसाइट पर कंपनी के रिक्त पदों की स्थिति दर्शाएं या एचपीपीएल की ओर से भर्ती के लिए कोई आवेदन स्वीकार करें। इसके साथ ही कंपनी द्वारा किसी भी परिस्थिति में नौकरी की तलाश करने वाले उम्मीदवारों से किसी भी प्रकार का भुगतान करने का अनुरोध नहीं किया जाता है। इसलिए, कोई भी नौकरी से जुड़ी पोस्ट जिसमें घर बैठे पेंसिल पैकेजिंग नौकरी के बदले में पैसे की मांग की जाती है तो ऐसी कोई पोस्ट गलत, नकली और जाली है।