अंतरराष्ट्रीय पत्रिका टाइम ने भारत के भविष्य को आकार देने वाले 100 उभरते नेतृत्वकर्ताओं की पहली सूची जारी की है। इसमें कारोबार, मनोरंजन, विज्ञान, खेल, तकनीक, सामाजिक सरोकार और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को शामिल किया गया है। रिलायंस इस पहल का प्रमुख भागीदार है। टाइम की इस सूची का यह पहला अंतरराष्ट्रीय संस्करण है, जिसके माध्यम से भारतीय प्रतिभाओं को वैश्विक पहचान मिलेगी।
इस पहली सूची में शामिल हस्तियों के सम्मान में टाइम और रिलायंस की ओर से 12 दिसंबर को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस विशेष अंक के तीन अलग-अलग मुखपृष्ठ जारी किए गए हैं। इनमें अभिनेत्री आलिया भट्ट, स्काईरूट के सह-संस्थापक, मुख्य कार्यकारी अधिकारी और तकनीकी प्रमुख पवन कुमार चंदना तथा फिल्मकार आर्यन खान, पायल कपाड़िया और तेजा रियो का संयुक्त मुखपृष्ठ शामिल है।
सूची में शामिल प्रतिभाओं के बारे में लिखने के लिए टाइम ने विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों को आमंत्रित किया है। इनमें एस.एस. राजामौली ने आलिया भट्ट, इम्तियाज अली ने वेदांग रैना, ऋचा चड्ढा ने पार्वती थिरुवोथु, विशाल भारद्वाज ने आर्यन खान, ए.आर. रहमान ने फहीम अब्दुल्ला, अल्लू अर्जुन ने अनिरुद्ध रविचंदर और आयुष्मान खुराना ने वैभव सूर्यवंशी के बारे में लिखा है।
टाइम की मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेसिका सिबली ने कहा कि भारत ऐसे असाधारण युवा नेतृत्वकर्ताओं का देश है, जिनके विचार और प्रभाव अपने क्षेत्रों के साथ देश के भविष्य को भी आकार दे रहे हैं। उनका योगदान वैश्विक स्तर पर भी महसूस किया जा रहा है। इस सूची के माध्यम से भविष्य को दिशा देने वाली प्रतिभाओं को पहचानने का अवसर मिला है।
टाइम के प्रधान संपादक सैम जैकब्स ने अपने संपादकीय में कहा कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे युवा आबादी वाले देशों में शामिल है। इस पीढ़ी के विचार, महत्वाकांक्षाएं और नेतृत्व केवल भारत का ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया का भविष्य तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। इस सूची के जरिए उन प्रतिभाओं को भी पहचान देने का प्रयास है, जिनका योगदान अभी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक रूप से सामने नहीं आया है, लेकिन जिनका प्रभाव अपने क्षेत्रों और स्थानीय समुदायों में महसूस किया जा रहा है।
मनोरंजन से खेल जगत तक की हस्तियां शामिल
मनोरंजन जगत से अली फजल, ईशान खट्टर, नयनतारा, साई पल्लवी, विक्की कौशल और वेदांग रैना सहित कई नाम शामिल हैं। संगीत के क्षेत्र से दिलजीत दोसांझ, अनिरुद्ध रविचंदर, अरिवु, जसलीन रॉयल, प्रीतक कुहाड़ और फहीम अब्दुल्ला को जगह मिली है।
खेल जगत से हरमनप्रीत कौर, लवलीना बोरगोहेन, सानिया मिर्जा, सविता पूनिया, वैभव सूर्यवंशी और विथ्या रामराज को चुना गया है।
कारोबार और तकनीक के क्षेत्र से पीयूष बंसल, अलबिंदर सिंह ढींडसा, पवन कुमार चंदना, राधिका गुप्ता और तरुण मेहता सहित कई प्रतिभाओं को जगह मिली है। विज्ञान एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र से शुभांशु शुक्ला, नीना गुप्ता और रेवंत हिमात्सिंगका सहित अन्य नाम शामिल हैं। सामाजिक बदलाव और अधिकारों के क्षेत्र में काम करने वाले नेतृत्वकर्ताओं को भी सूची में स्थान दिया गया है।
7 दिसंबर को प्रकाशित होगा विशेष अंक
टाइम का यह विशेष अंक 7 दिसंबर को दुनियाभर में उपलब्ध होगा। इसमें तीन अलग-अलग मुखपृष्ठ, विशेष लेख और सूची में शामिल प्रतिभाओं की विस्तृत जीवन परिचयात्मक सामग्री प्रकाशित की जाएगी। इसके अतिरिक्त पत्रिका की वेबसाइट पर भी विशेष सामग्री उपलब्ध होगी।
12 दिसंबर को मुंबई में होगा सम्मान समारोह
मुंबई में 12 दिसंबर को आयोजित होने वाले समारोह में आलिया भट्ट, पवन कुमार चंदना, पायल कपाड़िया, आर्यन खान और तेजा रियो सहित कई हस्तियां शामिल होंगी। समारोह में गायक फहीम अब्दुल्ला की विशेष संगीत प्रस्तुति भी होगी। इस आयोजन का प्रमुख भागीदार रिलायंस है।













Add Comment