Featured • Sports

शुभंकर शर्मा को डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में अच्छी फॉर्म में लौटने की उम्मीद

भारत के शुभंकर शर्मा का डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के लिए दिल्ली गोल्फ़ क्लब लौटना एक सुखद संयोग जैसा है। यह वही जगह है जहाँ उन्होंने एक युवा गोल्फर के तौर पर घंटों खेल सीखा, यादें बनाईं और बड़े मंचों पर खेलने के सपने देखे और अब वह चार मिलियन डॉलर इनामी राशि वाले इस इवेंट में भारत के एक स्थापित अंतरराष्ट्रीय पेशेवर खिलाड़ी के तौर पर लौट रहे हैं। यहां उनका मुकाबला दुनिया के कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों से होगा, जिनमें 2026 के चार मौजूदा मेजर चैंपियन में से तीन शामिल हैं। संक्षेप में, यह इस बात की भी याद दिलाता है कि यह खेल उन्हें कितनी दूर ले आया है।

­­­­­डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप – जिसके टिकट अब ‘डिस्ट्रिक्ट बाय ज़ोमैटो’ पर बिक्री के लिए उपलब्ध हैं – में ऐसे खिलाड़ियों का जमावड़ा होगा जो इसे आसानी से 2026 में मेजर टूर्नामेंट्स के बाहर सबसे मजबूत इवेंट्स में से एक और एशिया में अब तक का सबसे मजबूत इवेंट बना देगा।

शर्मा की गोल्फ़िंग यादें डीजीसी से गहराई से जुड़ी हैं और उनके लिए डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप अपने ही देश में खेलने का एक मौका भी है।

उन्होंने कहा, “मैं डीजीसी में होने वाली डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप का बेसब्री से इंतज़ार कर रहा हूं। यह बहुत ही खास जगह है। न सिर्फ़ मेरे लिए, बल्कि सभी भारतीय खिलाड़ियों के लिए; और जब भी हम एक-दूसरे से मिलते हैं, तो हम इसके बारे में बात करते हैं। मुझे लगता है कि डीपी वर्ल्ड टूर के शीर्ष खिलाड़ियों में भी उत्साह बढ़ रहा है, जिनमें से कई पिछले साल यहां आए थे और उन्हें वह अनुभव बहुत पसंद आया था। मैंने कई खिलाड़ियों और कैडीज़ से सुना है कि डीजीसी पूरे साल खेले जाने वाले बेहतरीन कोर्स में से एक है, खासकर इसके इतिहास की वजह से यह बेहद महत्वपूर्ण है। गोल्फ़र्स के लिए ये बातें बहुत मायने रखती हैं।”

“साथ ही, डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप एक साल के भीतर ही टूर के सबसे बड़े इवेंट्स में से एक बन गई है। इस साल के चार मेजर चैंपियंस में से तीन यहां खेल रहे हैं, और उनके अलावा कई अन्य सुपरस्टार्स भी शामिल हैं। इसलिए, यह एक ज़बरदस्त इवेंट होने वाला है।”

Topics