Business Featured

एक्सिस मैक्स लाइफ का वीएनबी 33 प्रतिशत बढ़ा

मैक्स फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के कंसोलिडेटेड रेवेन्यू में चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून, 2026) में सालाना आधार पर 18 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। निवेश आय के बिना कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 7,289 करोड़ रुपये रहा। समीक्षाधीन तिमाही में निवेश आय समेत कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 14,977 करोड़ रुपये और समेकित कर पश्चात लाभ (पीएटी) 37 प्रतिशत बढ़कर 118 करोड़ रुपये रहा। एक्सिस मैक्स लाइफ इंश्योरेंस लिमिटेड, जिसे पहले मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के नाम से जाना जाता था, ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 17 प्रतिशत का न्यू बिजनेस ग्रोथ (इंडीविजुअल एडजस्टेड फर्स्ट ईयर प्रीमियम) दर्ज किया है। कंपनी का इंडीविजुअल एडजस्टेड फर्स्ट ईयर प्रीमियम 1,810 करोड़ रुपये रहा। इससे कंपनी का प्राइवेट मार्केट शेयर 13 आधार अंक बढ़कर 10.1 प्रतिशत पर पहुंच गया।

एक्सिस मैक्स लाइफ के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ सुमित मदान ने कहा, ‘एक्सिस मैक्स लाइफ ने वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत मजबूती के साथ की है। पहली तिमाही में इंडीविजुअल एडजस्टेड फर्स्ट ईयर प्रीमियम में 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो प्राइवेट सेक्टर में हुई वृद्धि से अधिक रही। इसके चलते प्राइवेट मार्केट में हमारी हिस्सेदारी बढ़कर 10.1प्रतिशत हो गई। यह प्रदर्शन हमारे डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क में अनुशासित एक्जीक्यूशन को दर्शाता है। हमें सभी चैनल्स में व्यापक बढ़ोतरी देखने को मिली, जिसमें प्रोप्रिएटरी और पार्टनरशिप चैनल्स दोनों में मजबूत दिखी। प्रोटेक्शन और रिटायरमेंट सेगमेंट पर हमारा विशेष फोकस टर्म और एन्युटी की बढ़ती हिस्सेदारी से स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

एक्सिस मैक्स लाइफ के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर अमृत सिंह ने कहा, ‘वित्त वर्ष 2026-27 के पहले तीन महीनों का हमारा प्रदर्शन गुणवत्तापूर्ण विकास और अनुशासित तरीके से पूंजी प्रबंधन पर लगातार ध्यान देने को दर्शाता है। न्यू बिजनेस मार्जिन 315 आधार अंक बढ़कर 23.2 प्रतिशत हो गया। इसके परिणामस्वरूप वैल्यू ऑफ न्यू बिजनेस में 33 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 446 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। रीन्यूअल प्रीमियम में सालाना आधार पर 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जिससे ग्रॉस रिटेन प्रीमियम में 19 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और हमारे इन-फोर्स फ्रेंचाइजी की मजबूती भी सामने आई।

Topics