दुनिया की प्रमुख हॉस्पिटैलिटी कंपनियों में से एक IHG® होटल्स एंड रिसॉर्ट्स ने इंटरकॉन्टिनेंटल रिज़ॉर्ट जयपुर अचरोल के लिए मैक्सन इंडिया हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड के साथ प्रबंधन समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। वर्ष 2030 की शुरुआत में खुलने वाला यह 225 कमरों वाला लक्ज़री रिज़ॉर्ट भारत के तेजी से उभरते पर्यटन स्थलों में कंपनी के रणनीतिक विस्तार का एक और महत्वपूर्ण कदम है।
36 विला और 189 गेस्ट रूम्स के साथ यह प्रॉपर्टी मेहमानों को विशेष रिज़ॉर्ट अनुभव और बेहतर लक्ज़री सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित की जा रही है। अचरोल में दिल्ली–जयपुर रोड पर 16 एकड़ भूमि में स्थित इंटरकॉन्टिनेंटल रिज़ॉर्ट जयपुर अचरोल, जयपुर शहर सीमा के भीतर IHG ब्रांड का चौथा होटल तथा इस बाजार में दूसरा इंटरकॉन्टिनेंटल होटल होगा।
इंटरकॉन्टिनेंटल होटल्स एंड रिसॉर्ट्स दुनिया का पहला और सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय लक्ज़री होटल ब्रांड है, जो साहसिक अनुभवों, सांस्कृतिक खोज और वैश्विक उत्कृष्टता का प्रतीक माना जाता है। वर्तमान में दुनिया भर में इसके 240 से अधिक होटल संचालित हैं तथा 104 होटल विकासाधीन हैं। यह ब्रांड लगातार दुनिया के प्रमुख स्थलों में अपना विस्तार कर रहा है।
घोषणा पर टिप्पणी करते हुए IHG होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के साउथ वेस्ट एशिया के मैनेजिंग डायरेक्टर सुदीप जैन ने कहा, “इंटरकॉन्टिनेंटल रिज़ॉर्ट जयपुर अचरोल की शुरुआत के लिए मैक्सन इंडिया हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड के साथ साझेदारी करके हमें खुशी है। भारत लक्ज़री हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में लगातार बड़े अवसर प्रदान कर रहा है, जिसका प्रमुख कारण अवकाश अनुभवों और डेस्टिनेशन आधारित आयोजनों की बढ़ती मांग है। यह समझौता देश में IHG के लक्ज़री और लाइफस्टाइल पोर्टफोलियो को मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है और भारत में लक्ज़री हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में पसंदीदा साझेदार बनने की हमारी सोच को और मजबूत करता है।”
उन्होंने आगे कहा, “अचरोल जयपुर के निकट तेजी से उभरता हुआ पर्यटन स्थल बन रहा है, जो विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और बेहतर पहुंच का अनूठा मेल प्रस्तुत करता है। इंटरकॉन्टिनेंटल रिज़ॉर्ट जयपुर अचरोल के माध्यम से हमारा उद्देश्य एक ऐसा प्रमुख गंतव्य विकसित करना है, जो अवकाश यात्रियों के साथ–साथ बड़े सामाजिक आयोजनों की जरूरतों को भी पूरा करे।”
राजस्थान की राजधानी तथा भारत के गोल्डन ट्रायंगल पर्यटन सर्किट का प्रमुख हिस्सा जयपुर, अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आमेर किला, जंतर मंतर एवं परकोटा शहर जैसे ऐतिहासिक एवं स्थापत्य स्थलों के कारण निरंतर पर्यटन वृद्धि दर्ज कर रहा है। यह शहर उच्च स्तरीय शादियों और विशेष आयोजनों के लिए भी एक प्रमुख गंतव्य के रूप में उभर रहा है, जहाँ प्रीमियम आयोजन स्थलों की मांग लगातार बढ़ रही है।
मैक्सन इंडिया हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक राजन झिरीवाल ने कहा, “राजस्थान के अचरोल में प्रतिष्ठित इंटरकॉन्टिनेंटल ब्रांड की शुरुआत के लिए IHG होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के साथ साझेदारी कर हमें अत्यंत प्रसन्नता है। यह सहयोग हमारे समूह की लॉन्ग टर्म विजन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि का प्रतिनिधित्व करता है, जिसके तहत हम ऐसे प्रतिष्ठित हॉस्पिटैलिटी प्रोजेक्ट विकसित करने पर केंद्रित हैं, जो सर्वोच्च अंतरराष्ट्रीय मानकों को पूरा करें और साथ ही अपने गंतव्य की पहचान, संस्कृति एवं विरासत से गहराई से जुड़े रहें।”
मैक्सन इंडिया हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रॉबिन झिरीवाल ने कहा, “हमारा उद्देश्य ऐसे हॉस्पिटैलिटी गंतव्यों का विकास करना है, जो मेहमानों, स्थानीय समुदाय और सभी हितधारकों के लिए लंबे समय तक मूल्य प्रदान करें। इंटरकॉन्टिनेंटल रिज़ॉर्ट जयपुर अचरोल के माध्यम से हमारा लक्ष्य ऐसा रिज़ॉर्ट विकसित करना है, जो क्षेत्र के लक्ज़री हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र को नई ऊंचाई दे और सोच–समझकर तैयार किए गए डिज़ाइन, वास्तविक अनुभवों तथा विश्वस्तरीय सेवाओं के माध्यम से राजस्थान की विशेष पहचान को प्रस्तुत करे।”
इंटरकॉन्टिनेंटल रिज़ॉर्ट जयपुर अचरोल में चार डाइनिंग विकल्प उपलब्ध होंगे, जिनमें ऑल–डे डाइनिंग रेस्टोरेंट, स्पेशियलिटी रेस्टोरेंट, लॉबी लाउंज और पूल बार शामिल हैं। रिज़ॉर्ट में दो स्थानों पर विस्तृत आयोजन स्थल भी होंगे, जिनमें एक बॉलरूम शामिल है, जिससे यह शादियों और सामाजिक आयोजनों के लिए उपयुक्त गंतव्य बनेगा। इसके अलावा, रिज़ॉर्ट में क्लब लाउंज, स्पा, फिटनेस सेंटर, स्विमिंग पूल, रिटेल आउटलेट्स और पर्याप्त पार्किंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
इस समझौते के साथ, IHG भारत में अपने विकास और विस्तार को और तेज कर रहा है, विशेष रूप से लक्ज़री एवं लाइफस्टाइल क्षेत्र में, साथ ही देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी उपस्थिति को भी मजबूत बना रहा है।
वर्तमान में भारत में IHG® के छह ब्रांडों के तहत 52 होटल संचालित हैं, जिनमें सिक्स सेंसस, इंटरकॉन्टिनेंटल होटल्स एंड रिसॉर्ट्स®, क्राउन प्लाज़ा®, वोको™ होटल्स, हॉलिडे इन रिज़ॉर्ट® और हॉलिडे इन एक्सप्रेस® शामिल हैं। कंपनी के पास विकास के चरण में 98 होटलों की मजबूत परियोजना श्रृंखला है। इसके साथ IHG अगले पांच वर्षों में भारत में अपने होटल पोर्टफोलियो को तीन गुना से अधिक बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है और 400 से अधिक संचालित एवं विकासाधीन होटलों का लक्ष्य रख रहा है।













Add Comment