Business Featured

एयरपे पर उमंग के जरिए 500 से अधिक सेवाएं शामिल

भारत में विभिन्न प्रकार की वित्तीय सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने वाले और सबसे तेजी से विकसित हो रहे प्लेटफॉर्म, एयरपे ने आज उमंग के जरिए 500 से अधिक ई-गवर्नेंस सेवाओं को अपने प्लेटफॉर्म पर सफलतापूर्वक जोड़ने की घोषणा की। 

इस एकीकरण के बाद, एयरपे से सहायता प्राप्त 5 लाख रिटेलरों का नेटवर्क 500 जिलों,4,600 गाँवों तथा 35 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में संभावित रूप से भारत के 60 करोड़ नागरिकों को सहज तरीके से ई-गवर्नेंस सेवाएँ उपलब्ध कराएगा। इन सेवाओं के अंतर्गत अटल पेंशन योजना, आयुष्मान भारत, को-विन, आईआरसीटीसी, जीएसटीएन, जीवन प्रमाण, आयकर एवं पासपोर्ट जैसी सेवाएँ शामिल हैं। इस एकीकरण के बाद, एयरपे 500 से अधिक ई-गवर्नेंस सेवाएँ उपलब्ध कराने वाली देश की पहली वित्तीय सेवा कंपनी बन गई है। 

इस उपलब्धि के मौके पर श्री कुणाल झुनझुनवाला, संस्थापक एवं एमडी, एयरपे, ने कहा, “इस अवसर पर हमें गौरव का अनुभव हो रहा है। एयरपे में हम मानते हैं कि भारत को आगे ले जाकर ही 5 ट्रिलियन डॉलर की भारतीय अर्थव्यवस्था का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इसी विश्वास की दिशा में कदम बढ़ाते हुए, पिछले एक दशक में हमने स्वदेशी टेक्नोलॉजी पर आधारित प्लेटफॉर्म को विकसित किया है और अंतिम छोर पर वित्तीय सेवाएँ उपलब्ध कराने वाले उद्यमियों या व्यापारियों का एक स्थायी और विस्तृत नेटवर्क तैयार किया है। सुविधाओं से वंचित लोगों के लिए सरकारी सेवाओं को सुलभ बनाने के सरकार के दृष्टिकोण के अनुरूप इस एकीकरण के बाद ई-गवर्नेंस सेवाओं को जमीनी स्तर पर अपनाने की प्रक्रिया में तेजी आएगी। इसके अलावा, इस एकीकरण के बाद एयरपे भी सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देने में सक्षम हो जाएगा।”

एयरपे के व्यापारियों में किराना स्टोर के मालिक, छोटी खुदरा दुकानें तथा अपना व्यवसाय चलाने वाली महिलाएँ शामिल हैं, जो अपने ग्राहकों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने और शिक्षित करने के लिए एयरपे के वित्तीय सेवा प्लेटफॉर्म का उपयोग करते हैं, जिसे भुगतान प्राप्त करने, खरीदने, उधार देने, उधार लेने या निवेश करने जैसी विभिन्न प्रकार की वित्तीय सेवाएँ प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है। इस एकीकरण के जरिए अब एयरपे के व्यापारी अपने ग्राहकों को अतिरिक्त सेवाएँ प्रदान कर पाएंगे, जिससे ग्राहकों को बेहतर अनुभव मिलेगा और दुकान पर आने वाले नए ग्राहकों की संख्या भी बढ़ेगी। 

श्री कुणाल झुनझुनवाला ने आगे कहा, “सहायता प्राप्त मॉडल न केवल विकासशील अर्थव्यवस्थाओं बल्कि विकसित अर्थव्यवस्थाओं में भी वित्तीय सेवाओं की उपलब्धता और वितरण के लिए सबसे महत्वपूर्ण चीज बनी रहेगी। इसका प्रमुख कारण वित्तीय जागरूकता की कमी और भरोसेमंद विशेषज्ञों पर स्वाभाविक रूप से किया जाने वाला विश्वास है। यहीं पर एयरपे व्यापारी बेहद अहम भूमिका निभाते हैं। यह एकीकरण न केवल नागरिकों की सुविधा के लिए विभिन्न प्रकार की सेवाओं की पेशकश करेगा, बल्कि कियोस्क धारकों के लिए आमदनी के अवसरों को भी बढ़ाएगा।”
 
साल 2020 में महामारी की लहर के दौरान एयरपे ने अपना व्यापार प्लेटफॉर्म लॉन्च किया था। फिलहाल इसने अगले साल तक अपने आधार को दोगुना करके 10 लाख से अधिक व्यापारियों को अपने साथ जोड़ने का लक्ष्य रखा है।

इस साल जून के महीने में, एयरपे ने राजस्थान सरकार के ई-गवर्नेंस पोर्टल ‘ई-मित्र’ पर 15 लाख ट्रांजेक्शन पूरे किए। कंपनी अप्रैल 2020 में ई-मित्र प्लेटफॉर्म से जुड़ी थी और महामारी की पहली लहर के दौरान मुख्यमंत्री कोविड राहत कोष में योगदान देने में मदद की। कंपनी ने अन्य विभागों की ऑनलाइन सेवाओं को भी उपलब्ध कराते हुए अपनी सेवाओं का विस्तार किया, साथ ही सरकार को भी राज्य के 100 से अधिक विभागों को ई-मित्र प्लेटफॉर्म से जोड़ने में सक्षम बनाया।