कोविड-19 की तेजी से फैलती दूसरी लहर के बीच ओकेक्रेडिट ने लोगों की मदद के लिए को–एड.इन वेबसाइट लॉन्च करने का एलान किया है। इसकी मदद से लोग कोविड-19 में प्रयोग होने वाली जरूरी दवाओं व उपकरणों की उपलब्धता का पता लगा सकेंगे। इस पोर्टल पर देशभर में दवाओं की उपलब्धता की रियल टाइम जानकारी मिलेगी, साथ ही स्टोर का कॉन्टैक्ट नंबर भी रहेगा, जिस पर बात कर जानकारी ली जा सकेगी। यूजर इस पोर्टल पर पिन कोड या लोकेशन डालकर उपलब्धता का पता लगा सकेंगे।
ऐसे समय में जबकि कोविड-19 से संबंधित दवाएं पाना एक चुनौती बना हुआ है, इस पहल का उद्देश्य इन दवाओं तक पहुंचने में लोगों की मदद करना है। इसकी मदद से आसानी से लोगों को यह पता लग सकेगा कि उनके आसपास दवा कहां उपलब्ध है। कंपनी अपने प्लेटफॉर्म पर रजिस्टर्ड 2 लाख से ज्यादा फार्मेसी स्टोर और कारोबारियों से डाटा की ओपन सोर्सिंग कर रही है। ये स्टोर और कारोबारी कोविड-19 मरीजों के लिए फेबिफ्लूटेबलेट, ऑक्सीमीटर, ऑक्सीजन बेड, नॉर्मल बेड, स्टीमर्स, एंटीबायोटिक्स, जिंक/विटामिनऔर ऑक्सीजन जैसे मेडिकल प्रोडक्ट व सर्विस उपलब्ध कराते हैं। ऑक्सीजन और बेड का डाटा क्राउड सोर्सिंग से और दवाओं का डाटा ओकेक्रेडिट के प्लेटफॉर्म पर रजिस्टर्ड फार्मेसी स्टोर से जुटाया जा रहा है।
इस पहल पर ओकेक्रेडिट के सह-संस्थापक एवं सीईओ हर्ष पोखरना ने कहा, ‘कोविड के बढ़ते मामलों के बीच लोग बेचैनी, डर और लाचारी महसूस कर रहे हैं। यह समय आपसी सहयोग और लोगों के बीच के संपर्क का इस्तेमाल करते हुए कोविड मरीजों व उनके परिजनों के जीवन को आसान बनाने में मदद करने का है। ओकेक्रेडिट में हम विभिन्न फार्मेसी स्टोर और कारोबार तक अपनी व्यापक पहुंच का इस्तेमाल करते हुए कोविड-19 के मरीजों के लिए जरूरी दवाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’













Add Comment