Business Featured

क्रेयॉन्स एडवरटाइजिंग का आईपीओ 22 को

देश में ही शुरु होकर विकसित हुई इंटिग्रेटिड विज्ञापन एजेंसी क्रेयॉन्स ऐडवर्टाइज़िंग ने घोषणा की है कि बुक बिल्डिंग के जरिए उसकी आगामी सार्वजनिक पेशकश के लिए प्रति शेयर रु. 62-65 (रु. 10 पेड अप) की कीमत निर्धारित की गई है। यह इश्यू 22 मई 2023 को खुलेगा और 25 मई 2023 को बंद होगा।

कंपनी द्वारा कुल 64.30 लाख इक्विटी शेयरों की पेशकश की जा रही है, जिनमें से 30.52 लाख शेयर संस्थागत निवेशकों के लिए रखे गए हैं, 9.18 लाख शेयर अमीर निवेशकों (एच.एन.आई.) तथा 21.38 शेयर आम निवेशकों के लिए तय रखे गए हैं। इस इश्यू के ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से कंपनी रु. 41.79 करोड़ बाजार से उठाएगी। सूचीबद्ध होने के बाद क्रेयॉन्स ऐडवर्टाइज़िंग देश की पहली बड़ी स्वदेश विकसित इंटिग्रेटिड विज्ञापन एजेंसी बन जाएगी। कॉर्पोरेट कैपिटल वेंचर इस इश्यू की लीड मैनेजर है और स्काईलाईन फाइनेंशियल सर्विस रजिस्ट्रार है। कंपनी के शेयर एनएसई इमर्ज पर सूचीबद्ध होंगे।

सन् 1986 में निगमित क्रेयॉन्स ऐडवर्टाइज़िंग के प्रवर्तक श्री कुणाल ललानी हैं। यह कंपनी विज्ञापन मीडिया सेवाओं के लिए आला दर्जे का ईकोसिस्टम व ऐंड-टू-ऐंड ऐड-टैक् कम्यूनिकेशन सॉल्यूशन प्लैटफॉर्म मुहैया कराते हैं। कंपनी की सेवाओं में शामिल हैं- ब्रांड रणनीति, आयोजन, डिजिटल मीडिया, प्रिंट मीडिया और आउटडोर (ओओएच) मीडिया सेवाएं जिनके तहत विज्ञापन माध्यमों को कवर किया जाता है जैसे अखबार, ब्रोशर, पत्रिकाएं, टीवी चैनल, एफएम चैनल, आउटडोर होर्डिंग आदि।

कंपनी की योजना अपने खुद के फिल्म व ऐनिमेशन स्टूडियो में निवेश करना तथा वर्तमान वैब3 क्षमताओं में इजाफा करने की है ताकी ग्राहकों के लिए पहले से ज्यादा डायनमिक मेटावर्स समाधान पेश किए जा सकें जिनमें एआर, वीआर व अन्य उभरती इमर्सिव तकनीकें शामिल होंगी। कंपनी की योजना नए जमाने की टेक्नोलॉजी ऐप्लीकेशंस के साथ विभिन्न प्रकार के आयोजनों की पेशकश करना भी है जिससे बड़े पैमाने पर मौजूदगी मुमकिन हो, ओओएच कारोबार का विस्तार किया जा सके तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाओं की सेवाएं ली जा सकें। इस पब्लिक इश्यू से प्राप्त पैसे का उपयोग इंफ्रास्ट्रक्चर और अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी पर होने वाले पूंजीगत व्यय में भी किया जाएगा।

कंपनी ने हाल ही में घोषणा की थी कि उसने कई बड़े प्रोजेक्ट हासिल किए हैं जिनमें टाटा संस, राष्ट्रीय कौशल विकास निगम, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, टाटा क्रोमा और बैंक ऑफ बड़ौदा शामिल हैं। कंपनी की विस्तार योजनाओं में स्वतंत्र एजेंसियों से रणनीतिक गठजोड़ करके तथा अधिग्रहणों द्वारा अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में कारोबार करना भी शामिल है इस तरह वह मध्यपूर्व, यूएस व यूके जैसे देशों में रहने वाली भारतीय प्रवासी आबादी को भी सेवाएं दे पाएगी।

यूरोपीय बाजारों में विभिन्न रिक्रूटमेंट फर्मों के जरिए एजेंसी विदेशों से भी प्रतिभाओं को अपने साथ लेकर उन्हें अपने भारतीय परिचालन में शामिल करने पर ध्यान देगी। इन योजनाओं के बारे में क्रेयॉन्स ऐडवर्टाइज़िंग के निदेशक (टेक्नोलॉजी एवं ग्रोथ) आश्रय ललानी ने कहा, ’’दुनिया भर में बहुत सी स्वतंत्र एजेंसियां कमाल का काम कर रही हैं। हम संभावित गठबंधनों व अधिग्रहणों के अवसर देख रहे हैं जिनमें स्वतंत्र एजेंसियां शामिल होंगी जिनकी मध्यपूर्व, यूएस और यूके में मजबूत उपस्थिति हो, क्योंकि इन देशों में भारतीय लोग बड़ी तादाद में बसे हुए हैं।’’

साल 2022 में भारतीय विज्ञापन उद्योग में 19 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह पहली बार एक ट्रिलियन रुपये का आंकड़ा पार कर गया। अनुमान है की 2025 तक विज्ञापन उद्योग 11 प्रतिशत सीएजीआर की दर से बढ़ेगा। यह वृद्धि डिजिटल मीडिया की तरफ अधिक थी। परम्परागत मीडिया में 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकी डिजिटल मीडिया में 70 प्रतिशत का इजाफा हुआ। अगले दो वर्षों में विज्ञापन देने वाली 71 प्रतिशत कंपनियां इस मद में अपना खर्च बढ़ाएंगी।

दिसंबर 2022 को समाप्त नौमाही में क्रेयॉन्स ऐडवर्टाइज़िंग ने रु. 203.75 करोड़ का रेवेन्यू अर्जित किया और शुद्ध लाभ रु. 12.67 करोड़ रहा। मार्च 2022 को समाप्त वित्त वर्ष में कंपनी का कुल रेवेन्यू रु. 194.05 करोड़ तथा शुद्ध लाभ रु. 1.61 करोड़ दर्ज हुआ था।

Topics