Business • Featured

नावी म्यूचुअल फंड का ईएलएसएस इंडेक्स फंड लॉन्च

नावी म्यूचुअल फंड ने नावी ईएलएसएस (ELSS) टैक्स सेवर निफ्टी 50 इंडेक्स फंड लॉन्च किया है। यह एक पैसिव ईएलएसएस टैक्स-सेवर फंड है। यह एनएफओ 14 फरवरी, 2023 को निवेश के लिए खुलेगा और 28 फरवरी, 2023 को बंद होगा। डायरेक्ट प्लान के तहत 0.12 फीसदी के एक्सपेंस रेश्यो  के साथ, यह भारत में सबसे कम लागत वाला टैक्‍स सेविंग ईएलएसएस फंड होगा। धारा 80C के तहत विभिन्न टैक्स सेविंग इंस्ट्रूमेंट्स के बीच इस फंड में लॉक-इन अवधि सिर्फ 3 साल की है। लॉक-इन अवधि समाप्त होने के बाद फंड के विद्रावल (Withdrawal) पर कोई एग्जिट-लोड नहीं होगा। निवेशक कम से कम 500 रुपये के साथ इसमें निवेश शुरू कर सकते हैं।

नावी ग्रुप के सह-संस्थापक सचिन बंसल का कहना है कि नावी ईएलएसएस टैक्स सेवर निफ्टी 50 इंडेक्स फंड के साथ, नावी म्युचुअल फंड एक ऐसा उत्पाद लॉन्च कर रहा है, जो ग्राहकों की एक प्रमुख समस्या को हल करने पर केंद्रित है। एक किफायती मूल्य बिंदु पर टैक्‍स सेविंग निवेश के क्षेत्र में पैसिव निवेश को सरल बनाना हमारी ग्राहक केंद्रितता का एक और उदाहरण है।  इस एनएफओ में 14 फरवरी से 28 फरवरी, 2023 के बीच नावी ऐप पर या किसी भी म्यूचुअल फंड निवेश प्लेटफॉर्म के माध्यम से निवेश शुरू कर सकते हैं।.

हाल ही में, मार्केट रेगुलेटर सेबी ने दिशा-निर्देश जारी किए थे, जिसके तहत म्यूचुअल फंड्स हाउस को यह इजाजत दी गई है कि वे चाहें तो एक्टिव ELSS स्कीम को बंद कर ओपेन एंडेड पैसिव ELSS स्कीम ला सकते हैं। नावी ईएलएसएस टैक्स सेवर निफ्टी 50  इंडेक्स फंड के लॉन्च के साथ, नावी इन दिशानिर्देशों का लाभ उठाने वाला भारत का पहला म्यूचुअल फंड होगा। 

Topics