एसेटप्लस ने आज ‘हर घर MFD’ नामक एक राष्ट्रव्यापी पहल की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूशन को एक अधिक सुलभ और सम्मानजनक व्यावसायिक अवसर के रूप में स्थापित करना तथा वर्तमान एवं भावी म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स (MFDs) के लिए एक निःशुल्क ज्ञान एवं शिक्षण मंच उपलब्ध कराना है।
इस पहल का शुभारंभ एचडीएफसी एएमसी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी नवनीत मुनोट, कोटक महिंद्रा एएमसी के प्रबंध निदेशक निलेश शाह, एडलवाइस म्यूचुअल फंड की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी राधिका गुप्ता, सुंदरम म्यूचुअल फंड के पूर्व प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनील सुब्रमण्यम, तथा एसेटप्लस के सह-संस्थापक विश्रांत सुरेश और अवनीश राज की उपस्थिति में किया गया।
भारत का म्यूचुअल फंड उद्योग वर्तमान में विकास के एक महत्वपूर्ण दौर में प्रवेश कर चुका है। उद्योग की कुल एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) ₹81 लाख करोड़ के पार पहुंच चुकी है, जबकि मासिक सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के माध्यम से लगभग ₹31,000 करोड़ का निवेश हो रहा है। देशभर में निवेशकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके बावजूद, तेजी से बढ़ते निवेशक आधार की तुलना में वर्तमान में केवल लगभग 1.8 लाख म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स ही सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में म्यूचुअल फंड की पहुंच भारतीय परिवारों तक बढ़ने के साथ-साथ जानकार और सक्षम डिस्ट्रीब्यूटर्स की संख्या बढ़ाना उद्योग की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता बन गया है।
‘हर घर MFD’ एक सरल लेकिन सशक्त विचार पर आधारित है—“हर घर में एक MFD, हर भारतीय परिवार का मजबूत भविष्य।”
इस अवसर पर एसेटप्लस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सह-संस्थापक विश्रांत सुरेश ने कहा, “भारत में म्यूचुअल फंड उद्योग की विकास यात्रा केवल अधिक उत्पादों, अधिक प्लेटफॉर्म्स या अधिक लेन-देन के आधार पर आगे नहीं बढ़ सकती। इसके लिए ऐसे विश्वसनीय लोगों की भी आवश्यकता है, जो परिवारों का स्पष्टता और अनुशासन के साथ मार्गदर्शन कर सकें। ‘हर घर MFD’ के माध्यम से हमारा प्रयास म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूशन को पूरे भारत में एक अधिक दृश्यमान, विश्वसनीय और सार्थक उद्यमशील अवसर के रूप में स्थापित करना है। हमारा उद्देश्य केवल एक पहल शुरू करना नहीं, बल्कि ऐसे मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन आधार का निर्माण करना है, जो उद्योग के अगले विकास चरण को मजबूती प्रदान कर सके।”
हर घर MFD वेबसाइट पर मूल वीडियो आधारित लर्निंग सीरीज़, संपादकीय विश्लेषण, बाजार एवं नियामकीय अपडेट्स, एसेटप्लस की रिसर्च टीम द्वारा तैयार Har Ghar FinSight इनसाइट्स, उपयोगी टूल्स, कैलकुलेटर्स तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित कंटेंट डिस्कवरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह मंच MFDs के लिए सीखने और ज्ञान प्राप्त करने का एक निःशुल्क, एकीकृत डिजिटल ज्ञान मंच है।
इस पहल पर एसेटप्लस के सह-संस्थापक एवं मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (CTO) अवनीश राज ने कहा, “समस्या जानकारी की कमी नहीं है, बल्कि उपयोगी जानकारी का विभिन्न स्थानों पर बिखरा होना, उसे ढूंढने में कठिनाई होना और किसी MFD की आवश्यकता के अनुरूप व्यवस्थित रूप से उपलब्ध न होना है। ‘हर घर MFD’ के माध्यम से हम तकनीक का उपयोग कर प्रासंगिक जानकारी को अधिक सहज, सुलभ और उपयोगी बना रहे हैं। यह प्लेटफॉर्म केवल एक स्थिर कंटेंट लाइब्रेरी नहीं, बल्कि म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूशन पेशे के लिए निरंतर विकसित होने वाला ज्ञान मंच है।”
देशभर में 21,000 से अधिक MFD भागीदारों, ₹8,000 करोड़ से अधिक की एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) तथा 1.5 लाख से अधिक निवेशकों के साझेदारी के साथ एसेटप्लस म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने में लगातार निवेश कर रहा है। हर घर MFD’ के माध्यम से कंपनी अपनी व्यवसाय-सक्षम बनाने की पहल से आगे बढ़कर म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूशन श्रेणी के विकास (Category Building) पर भी कार्य कर रही है, ताकि अधिक लोग इस पेशे को समझें, इसमें प्रवेश करें और इसमें आगे बढ़ सकें।













Add Comment