Home » जोधपुर के घेवड़ा गांव के खेत सिंह राजपुरोहित को फोर्ब्स 30 अंडर 30 एशिया में मिली जगह
Education Featured

जोधपुर के घेवड़ा गांव के खेत सिंह राजपुरोहित को फोर्ब्स 30 अंडर 30 एशिया में मिली जगह

जोधपुर जिले के छोटे से गांव घेवड़ा के खेत सिंह राजपुरोहित ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। खेत सिंह का नाम प्रतिष्ठित फोर्ब्स 30 अंडर 30 एशिया 2025 सूची में शामिल किया गया है। यह सम्मान उन्हें स्वास्थ्य और टेक्नोलॉजी क्षेत्र में उनके स्टार्टअप के जरिए नए आयाम स्थापित करने के लिए मिला है।

खेत सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि मेरे गांव, मेरे जोधपुर और मेरे देश का सम्मान है। मैंने हमेशा सपनों को सच्चाई में बदलने पर विश्वास किया है। छोटे गांव से निकल कर भी बड़े सपने देखे और उन्हें पूरा किया जा सकता है।

खेत सिंह का जन्म घेवड़ा गांव में हुआ, लेकिन उनका बचपन पंजाब के लुधियाना शहर में बीता। उनके पिता चेन सिंह राजपुरोहित मिठाई का कारोबार शुरू करने के उद्देश्य से परिवार को लुधियाना ले गए। खेत सिंह की मां सुमन देवी गृहिणी हैं।

कॉरपोरेट क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत खेत सिंह ने देश की नामी कंपनियों में काम करके की। उन्होंने दो बड़ी कंपनियों में काम किया, जहां उन्हें जमीनी स्तर पर काम करने और कंपनियों के संचालन का अनुभव मिला।

इसके बाद उन्होंने कठिन परीक्षा पास कर देश के शीर्ष प्रबंधन संस्थान आईआईएम बेंगलुरु में प्रवेश लिया। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्लेसमेंट छोड़कर खुद का व्यवसाय शुरू करने का निर्णय लिया। खेत सिंह ने अपने एक पुराने साथी के साथ मिलकर क्लेम बडी नाम से एक स्टार्टअप शुरू किया।

आज खेत सिंह की कंपनी देश के 10 से ज्यादा शहरों में 500 से अधिक अस्पतालों के साथ काम कर रही है और अब तक 300 करोड़ रुपये से अधिक के स्वास्थ्य बीमा दावे निपटा चुकी है। उनकी कंपनी को निवेशकों से 60 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश भी मिल चुका है।

फ़ोर्ब्स की इस सूची में पूरे एशिया और ऑस्ट्रेलिया से इस क्षेत्र में 30 साल की उम्र से कम 30 लोगो को चुना गया और इस सूची में 4 भारतीय लोगो ने अपनी जगह बनायी।