हिन्दुस्तान चैम्बर ऑफ कॉमर्स (एचसीसी) की ओर से मुम्बई में 31 अगस्त से 2 सितम्बर, 2023 तक एशियाटेक्स 2023 के पाचवे सीजन का आयोजन किया जा रहा है। वर्ल्ड कन्वेंशन सेन्टर में आयोजित होने वाले एशियाटेक्स में 127 स्टॉल्स लगाई गई हैं जहां बी2बी मीट की सुविधा भी रखी गई है।
इस व्यापार मेले से पूर्व में, हाल ही में भिवंडी के रामदेव होटल में एक ट्रेड मीट आयोजित की गई थी। बुनकरों, व्यापारियों, यार्न सप्लायर्स और एजेंटों से बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली, जिससे रामदेव होटल में हॉल की क्षमता बढ़ गई। इसके परिणामस्वरूप एशियाटेक्स-2023 मेले के लिए स्टॉलों की अच्छी बुकिंग हुई।
इस बारे में हिंदुस्तान चैम्बर ऑफ कॉमर्स (एचसीसी) के अध्यक्ष शिखरचंद जैन ने कहा कि मेले में लगभग 125 स्टॉल होंगे क्योंकि चैम्बर ने 125 साल पूरे कर लिए हैं। यह चैम्बर के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है और मेले में 904 वर्ग फुट से लेकर 97 वर्ग फुट तक के बड़े आकार के अधिकांश स्टॉल होंगे। मुम्बई, भिवंडी, सूरत, इचलकरंजी के भीलवाड़ा, अहमदाबाद और सभी प्रमुख टेक्सटाइल हब्स के प्रतिनिधित्व के साथ स्टालों की एक विस्तृत श्रृंखला होगी।
उन्होंने बताया यह बी2बी मेला जेआईओ वर्ल्ड कन्वेंशन सेन्टर, मुम्बई में 60,000 वर्ग फुट आयोजन स्थल में फैला होगा, जिसमें से 25,000 वर्ग फुट स्टालों के लिए रखा जाएगा। बाकी जगह पर स्टेज, वीआईपी लाउंज, मीटिंग सेंटर, कॉन्फ्रेंस रूम, कैफेटेरिया आदि होंगे।
इस मेले में विशेष तौर पर निर्माताओं और निर्यातकों द्वारा भारी मात्रा में यार्न की रेंज, फेब्रिक्स, मेडअप्स, टेक्नीकल टेक्सटाइल, यूनिफॉर्म फेब्रिक्स, होम टेक्सटाइल, फर्निशिंग फेब्रिक्स, नीट, गार्मेन्ट्स इत्यादि प्रदर्शित किए जाएंगे। इन तीन दिनों के दौरान मेले में 15,000 से अधिक ट्रेड विजिटर्स के आने की संभावना है।
ट्रेड मीट के अध्यक्ष और भिवंडी साइजिंग एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख चंद दोधिया ने कहा कि सबसे अधिक पावरलूम वाले भिवंडी को भारत का मैनचेस्टर माना जाता था। हाल ही में नई पहल के साथ महाराष्ट्र सरकार द्वारा नई कपड़ा नीति की घोषणा की गई जो काफी उत्साहवर्धक है।
एशियाटेक्स-2023 आयोजन समिति के संयोजक सुशील आर. गादिया हैं और जनसम्पर्क समिति के संयोजक उत्तम वी. जैन हैं। शिखरचंद जैन अध्यक्ष, सज्जन कुमार डोकानिया उपाध्यक्ष, अनुराग पोद्दार, विनोद जे. लोढ़ा, निर्मल कुमार गुप्ता सभी मानद सचिव और कोषाध्यक्ष संजीव डी. बुबना हैं।













Add Comment