Business Featured

विष्णु प्रकाश आर पुंगलिया लिमिटेड ने आईपीओ के लिए सौंपे दस्तावेज

जल आपूर्ति परियोजनाओं (डब्ल्यूएसपी) में विशेषज्ञता रखने वाली जोधपुर स्थित आईएसओ प्रमाणित एकीकृत इंजीनियरिंग, अधिप्राप्ति एवं निर्माण (“ईपीसी”) कंपनी विष्णु प्रकाश आर पुंगलिया लिमिटेड (वीपीआरपी) ने प्रारंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) के माध्यम से धन जुटाने के लिए पूँजी बाजार नियामक, सेबी के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) दाखिल किया है।

कंपनी के पास नौ राज्यों में चल रही परियोजनाओं के साथ केंद्र और राज्य सरकारों, स्वायत्त निकायों और निजी निकायों के लिए प्रमुख बुनियादी ढाँचा परियोजनाओं के डिजाइन और निर्माण का अनुभव है।

प्रति इक्विटी शेयर 10 रुपये अंकित मूल्य वाला यह सार्वजनिक निर्गम 312 लाख तक के शेयरों का पूरी तरह से नया निर्गम है, जिसमें बिक्री का कोई प्रस्ताव नहीं है। इस प्रस्ताव में पात्र कर्मचारियों द्वारा अंशदान के लिए आरक्षण भी शामिल है।

यह प्रस्ताव बुक बिल्डिंग प्रक्रिया के माध्यम से किया जा रहा है, जिसमें योग्य संस्थागत खरीदारों को अधिकतम 50%, गैर-संस्थागत निवेशकों को न्यूनतम 15% और खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों को न्यूनतम 35% आवंटन किया जाएगा।

इस नए निर्गम से प्राप्त राशि में से 58.64 करोड़ रुपये तक पूंजीगत उपकरण खरीदने, 140 करोड़ रुपये कंपनी की कार्यशील पूँजी आवश्यकताओं का वित्तपोषण करने, और शेष राशि उपयोग का सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

अपने प्रमोटर श्री विष्णु प्रकाश पुंगलिया के नेतृत्व में कंपनी के पास तीन दशकों से अधिक समय से बुनियादी ढाँचा परियोजनाओं को पूरा करने के लगातार ट्रैक रिकॉर्ड के साथ एक मजबूत परिचालन समझ है। कंपनी के पास लगभग 484 निर्माण उपकरण परिसंपत्तियों का एक बड़ा बेड़ा है, जिसमें कुछ प्रमुख आपूर्तिकर्ताओं से प्राप्त क्रशर, एक्सकेवेटर, लोडर, डोजर, पेवर मशीन, क्रेन, ट्रैक्टर और परिवहन वाहन शामिल हैं।

कंपनी की प्रमुख गतिविधियों में पम्पिंग स्टेशनों के साथ जल उपचार संयंत्रों (डब्ल्यूटीपी) सहित जल आपूर्ति परियोजनाओं (डब्ल्यूएसपी) का निर्माण, डिजाइन, रचना, कार्यान्वयन, संचालन, रखरखाव और विकास करना और पानी की आपूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने के साथ अन्य परियोजनाओं में सड़कों, पुलों, सुरंगों, गोदामों, भवनों, रेलवे भवनों सहित प्लेटफार्मों, स्टेशनों, क्वार्टरों, प्रशासनिक भवनों, रेल-ऊपरी-पुल और अपशिष्ट जल उपचार संयंत्रों (डब्लूडब्लूटीपी) का निर्माण करना शामिल है। कंपनी संचालन और रखरखाव सेवा भी देती है।

जबकि वीपीआरपीएल का ध्यान जल आपूर्ति परियोजनाओं पर जारी रहेगा, जो वर्तमान में इसके ऑर्डर-बुक में सबसे अधिक हैं, कंपनी की योजना अपनी विशेषज्ञता क्षेत्र का विस्तार करते हुए रेलवे, सिंचाई, रोडवेज के अलावा अन्य बुनियादी ढाँचा ईपीसी परियोजनाओं के लिए बोली लगाना है।

31 दिसंबर, 2022 तक कंपनी की कुल 5,653.43 करोड़ रुपये की 51 परियोजनाएँ चालू थी, जिनमें से 1,816.81 करोड़ रुपये के काम का निष्पादन कर दिया गया है और शेष 3,836.62 करोड़ रुपये राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मणिपुर, उत्तराखंड, गुजरात, असम और हरियाणा के राज्यों में निष्पादन के लिए डब्ल्यूएसपी वाले ऑर्डर बुक का हिस्सा है।

कंपनी का राजस्व वित्त वर्ष 2019-20 के 373.15 करोड़ रुपये से वित्त वर्ष 2021-22 में 45.10% की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (“सीएजीआर”) से बढ़कर 785.61 करोड़ रुपये हो गया, जबकि इसका लाभ वित्त वर्ष 2019-20 के 12.66 करोड़ रुपये से 88.25% की सीएजीआर से बढ़ कर वित्त वर्ष 2021-22 में 44.85 करोड़ रुपये हो गया। ईबीआईटीडीए वित्त वर्ष 2019-20 में 40.18 करोड़ रुपये था, जो 48.54% की सीएजीआर से बढ़कर वित्त वर्ष 2021-22 में 88.64 करोड़ रुपये हो गया है।

31 दिसंबर, 2022 को समाप्त नौ माह के लिए परिचालन से राजस्व 712.70 करोड़ रुपये रहा और कर के बाद लाभ 50.74 करोड़ रुपये रहा, जबकि ईबीआईटीडीए मार्जिन 13.13% रहा।

Topics