Business Entertainment Featured

काकोली के राम का जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए चयन

रंगशाला प्रोडक्शन की अमित रॉय द्वारा निर्देशित फिल्म काकोली के राम का 8 जनवरी 2023 को जयपुर इंटरनेशनल फ़िल्म फेस्टिवल – आइनॉक्स सिनेमाघर में  प्रदर्शन किया जाएगा। मध्य प्रदेश के मालवा प्रांत से बनने वाली इस पहली फिल्म को अयोध्या फ़िल्म फेस्टिवल में सर्वश्रेष्ठ फ़ीचर फ़िल्म का अवॉर्ड प्राप्त हो चुका है।  इसके अलावा नॉर्थ ईस्ट फ़िल्म फेस्टिवल नागालैंड में सर्वश्रेष्ठ सोशल मैसेज केटेगरी में  सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म का अवॉर्ड भी काकोली के राम को दिया जा चुका है।  अब जयपुर फ़िल्म फेस्टिवल में आधिकारिक तौर पर चयन होने के बाद रविवार को दोपहर एक बजे इसका प्रदर्शन तय हुआ है।

काकोली के राम की निर्माता एवं रंगशाला प्रॉडक्शन की प्रमुख श्रीमती साधना मादावत जैन ने बताया कि फिल्म का कथानक ग्रामीण पृष्ठभूमि में रामलीला और ग्रामीणों द्वारा निभाए गए चरित्र को आज से जोड़ती है। राम के किरदार से मिली सकारात्मक ऊर्जा किस तरह निराशा पर विजय दिलाती है यह कलात्मक रूप से दर्शाने का प्रयास काकोली के राम में नजर आएगा। फिल्म किसानों की समस्याओं को छूते हुए मौजूदा हालात की बात करती है और फिर रामलीला के जरिए एक राह भी सुझाती है।

इस फिल्म का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा असली ग्रामीण परिवेश में ही शूट किया गया है। ऐसे प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल में नामांकन, चयन और प्रदर्शन से हमें कथानक के माध्यम से किसानों या आम आदमी को हर हालत में डटे रहने का सन्देश पहुंचाने का अवसर मिलेगा । 

रंगशाला प्रॉडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म के लेखक और निर्देशक अमित रॉय ने किया है,  इस फिल्म का कला निर्देशन हिमांकी मादावत जैन और पुलकित सेठिया का है। फिल्म में मुख्य भूमिकाएं प्रियांक टटारिया, बेबी तमन्ना जैन, दीपक चौहान, सीमा रॉय,  अंकुश रत्नानी, मुजफ्फर खान, अमित घोष ,मधु वेद, मनोज काला, प्रभात दुबे, आशीष सम्वत्सर, अजय जैन, प्रथम जैन आदि ने निभाई हैं. सम्पादन इलैशा जैन और अमित घोष ने किया है. प्रोडक्शन टीम में अनिता गंगवाल, पंखुरी जैन की भूमिका मुख्य रही। इस फिल्म के प्रोडक्शन हैड अनूप जैन हैं।

Topics