पुणे स्थित मुख्य कार्यालय के साथ देश की पहली ड्रोन स्टार्ट-अप कंपनी, ड्रोनआचार्य एरियल इनोवेशन (ड्रोनआचार्य ए.आई.), ने आज घोषणा की कि उसकी प्रारंभिक सार्वजनिक प्रस्तुति 13 दिसंबर, 2022 को खुलेगी और 15 दिसंबर, 2022 को बंद होगी। यह कंपनी रु. 52-54 प्रति शेयर के मूल्य वर्ग में बुक-बिल्डिंग प्रक्रिया के माध्यम से 62.90 लाख शेयर (रु. 10 प्रदत्त) की पेशकश करेगी। प्रस्तुत किए गए 62.90 लाख शेयरों में से 8.98 लाख शेयर एच.एन.आई. के लिए आरक्षित हैं, 11.94 लाख शेयर क्यू.आई.बी. के लिए आरक्षित हैं और 20.92 लाख शेयर खुदरा निवेशकों के लिए प्रस्तुत किए जायेंगे।
इस निर्गम के लिए बुक-रनिंग लीड मैनेजर कॉर्पोरेट कैपिटल वेंचर्स है। बिगशेयर सर्विसेज इस निर्गम की रजिस्ट्रार है और आर के स्टॉक होल्डिंग निर्गम की मार्केट मेकर कंपनी है। कंपनी के शेयर बी.एस.ई. एस.एम.ई. एक्सचेंज में सूचीबद्ध होंगे। एकत्रित की गई नई पूँजी का उपयोग ड्रोन, सेंसर और प्रसंस्करण के आधारभूत संरचना की खरीद और निर्माण के लिए किया जायेगा। इसके अतिरिक्त, इस कंपनी की मार्च 2023 तक 12 नए प्रशिक्षण केंद्र खोलने की योजना है। वित्तवर्ष 2023 की पहली तिमाही के लिए, इस कंपनी ने रु. 308.96 लाख की कुल आय और रु. 72.06 लाख का कुल लाभ दर्ज किया है।
आई.पी.ओ. पूर्व के वित्तपोषण में, शंकर शर्मा और बाज़ार के अन्य जाने-माने दिग्गजों और प्रसिद्द हस्तियों के नेतृत्व में बड़े निवेशकों ने इस कंपनी में अल्पसंख्यक हिस्सेदारी ली है। शंकर शर्मा कहते हैं, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को एक वैश्विक ड्रोन केंद्र बनाने के दृष्टिकोण को देखते हुए, हमने ड्रोन सेवाओं और पायलट प्रशिक्षण स्टार्ट-अप ड्रोनआचार्य में निवेश किया है। इसके अतिरिक्त, सर्वेक्षण, वितरण और निगरानी के लिए देश भर में ड्रोन का व्यापक तौर पर उपयोग किया जा रहा है और आने वाले वर्षों में इस वर्ग के ज़बरदस्त प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। हम एक बहुत बड़े मूल्य के सृजन की उम्मीद रखते हैं क्योंकि इस कंपनी ने बहुत ही कम समय में अपने परिचालनों को बढ़ाने में सक्षम रही है और भविष्य की ऊर्जस्वी योजनायें हैं।
इसके अतिरिक्त, शंकर शर्मा, मंगिना श्रीनिवास राव (पहले आई.टी. सी. ई-चौपाल और बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन, इंडिया से संबद्ध रहे) ने भी इस कंपनी में हिस्सेदारी ली है। इसके अलावा, जय विश्वनाथन, वी.सी. कार्तिक और समित भारतीय सहित कुछ धनाढ्य निवेशकों ने भी कंपनी में निवेश किया है। जय विश्वनाथन भारत में निजी इक्विटी के प्रारंभिक अग्रदूतों में से एक हैं, जबकि समित भारतीय जी.एम.ओ. के पूर्व साझेदार अमित भरतिया के भाई हैं।
अन्य मुख्य निवेशकों में हर्षल मोड, मीडिया और मनोरंजन-आधारित स्टार्ट-अप में एक धनवान निवेशक, और आशीष नंदा, संयुक्त अरब अमीरात स्थित व्यावसायिक समूह, इनोवेशंस ग्रुप के संस्थापक और प्रबंध निदेशक शामिल हैं। स्विज़रलैंड स्थित वेलस्टोन कैपिटल द्वारा प्रवर्तित निखिल चावला और विवेक चंदरिया ने भी आई.पी.ओ. पूर्व वित्तपोषण के राउंड में कंपनी में हिस्सेदारी खरीदी है।
ड्रोनआचार्य ए.आई. 2022 में डी.जी.सी.ए. (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) द्वारा प्रमाणित आर.पी.टी.ओ. (रिमोट पायलट ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन) लाइसेंस प्राप्त करने वाली पहली निजी कंपनियों में से एक है। मार्च 2022 से, इस कंपनी ने 180 से अधिक ड्रोन पायलटों को प्रशिक्षित किया है। इसने कई संक्षिप्त और इस उद्योग से संबंधित ड्रोन और जी.आई.एस. पाठ्यक्रम शुरू किए हैं जो भारत के युवाओं को ड्रोन के परिवेश के भीतर एक नए युग के करियर का निर्माण करने के लिए तैयार करने और सशक्त बनाने के लिए डिज़ाइन किए गए हैं। यह कंपनी अनुकूलित 100% स्वदेशी ड्रोन के निर्माण में प्रवेश करने की योजना बना रही है और ज़मीन और पानी के नीचे सर्वेक्षण की सेवाओं की पेशकश करती है, जिसमें पावरलाइन और उपयोगिताओं, तेल और गैस के आधारभूत ढाँचे, खानों और खदानों, ऊर्जा और नवीकरणीय संसाधन, सड़कों और राजमार्गों, शहरी और ग्रामीण नियोजन, कृषि और सिंचाई, पानी के नीचे निरीक्षण, और पानी के नीचे की गहराई को मापना शामिल हैं।













Add Comment