भारतीय खान ब्यूरो, अजमेर के तत्वावधान में राजस्थान राज्य की प्रधान खनिजों की खदानों हेतु 33 वाँ खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह आयोजित करने के संबंध में कार्यकारी निकाय की बैठक आयोजित की गई। इस वर्ष के आयोजन की मेजबानी राजस्थान राज्य के पाली जिले में स्थित न्युवोको विस्टास कॉर्पोरेशन लिमिटेड के निम्बोल सीमेंट प्लांट द्वारा की जा रही है। न्युवोको विस्टास कॉर्पोरेशन लिमिटेड, एक प्रमुख निर्माण सामग्री निर्माता कंपनी और भारत में क्षमता के मामले में पांचवीं सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी है। आयोजन की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा करने हेतु एक बैठक का आयोजन दिनांक 10 नवम्बर, 2022 को भँवर सिंह पैलेस, पुष्कर, अजमेर में किया गया। इस बैठक में राजस्थान राज्य की प्रधान खनिजों की खदानों के प्रमुख अधिकारियों ने भाग लिया।
भारतीय खान ब्यूरो, अजमेर के क्षेत्रीय खान नियंत्रक एवं खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह के संरक्षक श्री जी. के. जाँगिड़़, भारतीय खान ब्यूरो, अजमेर के वरिष्ठ सहायक खान नियंत्रक एवं आयोजन के समन्वयक श्री डी. आर. गुर्जर, आयोजन के संयोजक श्री नितिन पुरोहित एवं सचिव श्री संजय द्वेदी ने आयोजन के बारे में जानकारी दी। बैठक में श्री जी. के. जाँगिड़ ने खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण के महत्व पर विस्तृत जानकारी देते हुए सभी से इसे उत्साहपूर्वक आयोजित करने पर बल दिया।
इस बैठक में निर्णय लिया गया कि इस बार यह सप्ताह दिनांक 18 दिसम्बर, 2022 से 25 दिसम्बर, 2022 के बीच मनाया जायेगा। सभी खदानों के निरीक्षण हेतु कुल 06 दलों का गठन किया जायेगा एवं प्रत्येक दल में 3 सदस्य, जो कि विभिन्न खदानों में कार्य करने वाले खनन अभियंता/पर्यावरणवेता/भूविज्ञानी होंगे, जिसमें एक लीडर होगा, जिसे 20 या 20 से अधिक वर्षों का अनुभव प्राप्त हो एवं 2 अन्य सदस्य रहेंगे, जो का 10 या 10 से अधिक वर्षों का अपने कार्य का अनुभव रखते हों । सभी निरीक्षण दलों को खानों के निरीक्षण बाबत दिनांक 18 दिसम्बर, 2022 को अजमेर से झंण्डी दिखाकर रवाना किया जायेगा। इस वर्ष के दौरान खान पर्यावरण एवं खनिज सरंक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली खदानों हेतु पुरस्कार वितरण समारोह जोधपुर में जनवरी, 2023 के प्रथम सप्ताह में किया जायेगा।
बैठक में भारतीय खान ब्यूरो से सुश्री मीनाक्षी कुमावत, कनिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी एवं मैसर्स आरएसएमएम लिमिटेड, मैसर्स हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड, मैसर्स हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड, मैसर्स श्री सीमेंट, मैसर्स वंडर सीमेंट, मैसर्स जे.के. सीमेंट, मैसर्स अल्ट्राटैक सीमेंट, मैसर्स एम.पी. बिरला ग्रुप, मैसर्स मंगलम सीमेंट, मैसर्स इंडिया सीमेंट, मैसर्स उदयपुर सीमेंट वर्क्स लिमिटेड, मैसर्स जे.के. लक्ष्मी सीमेंट, मैसर्स अम्बुजा सीमेंट लिमिटेड, मैसर्स एसीसी सीमेंट लिमिटेड, मैसर्स जिंदल सॉ लिमिटेड, मैसर्स न्यू विस्टा कॉरपोरेशन लिमिटेड, मैसर्स वोल्केम इंडस्ट्रीज लिमिटेड तथा मैसर्स सीमा मिनरल्स के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजन के सचिव श्री संजय द्वेदी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।













Add Comment