देश के मल्टी-गेमिंग प्लेटफॉर्म गेम्स24x7 ने अपनी कॉरपोरेट इन्वेस्टमेंट इकाई के रूप में गेम्स24x7 वेंचर्स को लॉन्च करने का एलान किया है। इसे टेक्नोलॉजी एवं इंटरैक्टिव एंटरटेनमेंट के क्षेत्र में नए स्टार्ट-अप्स को सहयोग देने के लक्ष्य के साथ स्थापित किया गया है।
गेम्स24x7 वेंचर्स के तहत अगले 5 साल में 400 करोड़ रुपये का कोष बनाया जाएगा और इस फंड के माध्यम से गेम्स24x7 मुख्यत: उन उद्यमियों के साथ साझेदारी पर फोकस करेगा, जो ऑनलाइन गेमिंग, डिजिटल मार्केटिंग, डिजिटल कंटेंट, स्पोर्ट्स टेक, ई-स्पोर्ट्स, ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी और एनालिटिक्स समेत इसी तरह के विभिन्न सेक्टर में कार्य करने के इच्छुक हैं। इस पहल का लक्ष्य नए स्टार्ट-अप्स के विकास को गति देने के लिए उन्हें गाइडेंस एवं मेंटरशिप प्रदान करना है, जिससे डिजिटल इंडिया मिशन को साकार करने की दिशा में बढ़ा जा सके।
इस इन्वेस्टमेंट के माध्यम से ऐसे स्टार्ट-अप्स के साथ साझेदारी पर फोकस किया जाएगा, जिनका कार्य गेम्स24x7 के मुख्य कारोबार के अनुरूप है। स्टार्ट-अप्स को पूंजी देने के साथ ही कुछ चुनिंदा स्टार्ट-अप्स के माध्यम से गेम्स24x7 को ग्राहकों को समझने में भी मदद मिलेगी।
इस मौके पर गेम्स24x7 के सह-संस्थापक एवं सह-सीईओ त्रिविक्रम थंपी ने कहा, ‘कंज्यूमर इंटरनेट स्पेस में भारत में व्यापक उद्यमिता का विस्तार देखने को मिल रहा है। 100 से ज्यादा यूनिकॉर्न के साथ भारत इस समय अमेरिका एवं चीन के बाद तीसरा सबसे बड़ा डिजिटल-फर्स्ट स्टार्ट-अप इकोसिस्टम है। हमारा मानना है कि हम इस समय शुरुआती स्तर पर काम कर रही कंपनियों को पूंजी के साथ-साथ अन्य सहायता देने में भी सक्षम हैं। रिटर्न ऑन इन्वेस्टमेंट की नीति, ग्राहकों पर फोकस और आर्थिक सहयोग के साथ वैज्ञानिक तरीके से परिचालन पर फोकस करने की हमारी रणनीति से इस क्षेत्र में काम कर रही कंपनियों के साथ साझेदारी लाभदायक होगी।’
गेम्स24x7 के सह-संस्थापक एवं सह-सीईओ भविन पांड्या ने कहा, ‘हमने भारत में उद्यमिता एवं डीप-टेक इकोसिस्टम को बढ़ावा देने के लिए यह फंड स्थापित किया है। हमारा मानना है कि सही परिवेश के साथ सही दृष्टिकोण होने से किसी भी स्टार्ट-अप के लिए विकास की राह आसान होती है और हमारी प्रगति स्वयं इसका उदाहरण है। गेम्स24x7 इनोवेशन फंड के माध्मय से हम ऐसे स्टार्ट-अप्स को बढ़ावा देने में मदद के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिनके पास अनूठे विचार हैं, नए बिजनेस मॉडल हैं और जो नई इनोवेटिव टेक्नोलॉजी में काम कर रहे हैं।’
गेम्स24x7 के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर राहुल तिवारी ने कहा कि एक स्ट्रेटजिक वेंचर कैपिटल पार्टनर के रूप में हम प्रोडक्ट डेवलपमेंट, डाटा साइंस, मार्केटिंग ऑटोमेशन जैसे क्षेत्रों में पूंजी लगाने के साथ-साथ रणनीतिक सहयोग भी करेंगे। इससे युवा एवं महत्वाकांक्षी उद्यमियों को आत्मविश्वास के साथ अपने स्टार्ट-अप को बढ़ाने में मदद मिलेगी।
हाई-टेक इनोवेशन का इकोसिस्टम विकसित करने के अवसर का लाभ लेने एवं और देश को ग्लोबल टेक्नोलॉजी हब बनाने के लक्ष्य के साथ स्टार्ट-अप्स से गठजोड़ के माध्यम सेगेम्स24x7 उन्हें वित्तीय सहयोग के साथ-साथ संगठनात्मक क्षमता बढ़ाने में भी उनकी मदद करेगा। 2021 में गेम्स24x7 द्वारा किए गए निवेश के माध्यम से ऑपरेटिंग टीमों ने क्रिकहीरोज को सहयोग दिया था। यह एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो जमीनी स्तर पर क्रिकेट में डिजिटल मार्केटिंग, डाटा साइंस, डाटा इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं सिक्योरिटी और प्रोडक्ट डेवलपमेंट पर फोकस करता है। इस बिजनेस में उल्लेखनीय विकास देखने को मिला है और गेम्स24x7 से मिले निवेश के बाद से कंपनी का यूजर बेस बढ़ा है।











Add Comment