पुनर्योजी कृषि को बढ़ावा देने और इसे वैश्विक कृषि व्यवस्था से जोड़ने के उद्देश्य से भोपाल में 4-5 दिसंबर को तीन महत्वपूर्ण आयोजन होंगे। विश्व मृदा दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में मिट्टी की सेहत, टिकाऊ कृषि, वनस्पति तेलों की मूल्य शृंखला और किसानों की आर्थिक समृद्धि पर चर्चा होगी। आयोजन सॉलिडरीडाड, भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान तथा द सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा संयुक्त रूप से किए जा रहे हैं। ये कार्यक्रम यूरोपीय संघ-भारत साझेदारी पहल के अंतर्गत आयोजित होंगे।
अमेरिका की ओहायो स्टेट यूनिवर्सिटी के प्रख्यात मृदा वैज्ञानिक एवं पद्मश्री डॉ. रतन लाल इन आयोजनों के प्रमुख वक्ता होंगे। कार्यक्रमों में 4 दिसंबर को पुनर्योजी कृषि एवं टिकाऊ वनस्पति तेल मूल्य शृंखला पर नीतिगत परामर्श, शाम को प्रोफेसर रतन लाल पुरस्कार तथा 5 दिसंबर को पुनर्योजी सोयाबीन एवं सोया खाद्य उद्यमिता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
सॉलिडरीडाड एशिया के प्रबंध निदेशक डॉ. शतद्रु चट्टोपाध्याय ने कहा, “पुनर्योजी कृषि को आगे बढ़ाने के लिए विज्ञान, नीति, बाजार, उद्योग और किसानों के बीच मजबूत साझेदारी जरूरी है। हमारा प्रयास है कि इसे खेतों में हो रहे प्रयोगों से आगे ले जाकर मुख्यधारा की कृषि व्यवस्था और वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं का हिस्सा बनाया जाए। भोपाल इस दिशा में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है।”
4 दिसंबर को होने वाले बहु-हितधारक परामर्श में शासकीय विभागों, वैज्ञानिक संस्थानों, उद्योग, किसान उत्पादक संगठनों (FPO), नागरिक समाज संगठनों और कृषि विशेषज्ञों की भागीदारी होगी। डॉ. रतन लाल के मुख्य व्याख्यान के बाद तीन विषयों पर चर्चा होगी। इनमें तिलहन खेती में पुनर्योजी पद्धतियों के माध्यम से मृदा स्वास्थ्य और जैव विविधता का संरक्षण, टिकाऊ आपूर्ति शृंखलाओं का विकास तथा पुनर्योजी कृषि को प्रोत्साहित करने के लिए प्रभावी नीतियां और सरकारी प्रोत्साहन शामिल हैं।
द सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के कार्यकारी निदेशक डॉ. बी.वी. मेहता ने कहा, “भारत के वनस्पति तेल क्षेत्र के भविष्य के लिए उत्पादन बढ़ाने के साथ उसे टिकाऊ और किसानों के लिए लाभकारी बनाना भी जरूरी है। पुनर्योजी कृषि मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने और किसानों के लिए नए आर्थिक अवसर विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। यह साझा पहल उद्योग, वैज्ञानिक संस्थानों और नीति निर्माताओं को एक मंच पर लाएगी।”
शाम को प्रदान किए जाएंगे प्रोफेसर रतन लाल पुरस्कार
4 दिसंबर की शाम को पुनर्योजी कृषि में उत्कृष्ट योगदान के लिए दूसरे ‘प्रोफेसर रतन लाल पुरस्कार’ प्रदान किए जाएंगे। सॉलिडरीडाड द्वारा भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान के सहयोग से स्थापित इन पुरस्कारों के माध्यम से कृषि विज्ञान, तकनीकी नवाचार, सामुदायिक भागीदारी, युवा नेतृत्व, मीडिया, शिक्षा और नीतिगत पहल के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। डॉ. रतन लाल स्वयं गणमान्य अतिथियों के साथ पुरस्कार प्रदान करेंगे। इस अवसर पर एक विशेष पुस्तक का विमोचन भी होगा।
सॉलिडरीडाड के महाप्रबंधक डॉ. सुरेश मोटवानी ने कहा, “पुनर्योजी कृषि के विस्तार में किसानों, वैज्ञानिकों, नवाचारकर्ताओं, सामुदायिक संगठनों और नीति विशेषज्ञों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रोफेसर रतन लाल पुरस्कार इन प्रेरक योगदानों को पहचान देने और अधिक लोगों एवं संस्थाओं को इस अभियान से जोड़ने का माध्यम हैं।”
5 दिसंबर को सोयाबीन और सोया खाद्य उद्यमिता पर सम्मेलन
5 दिसंबर को आयोजित होने वाला ‘पुनर्योजी सोयाबीन एवं सोया खाद्य उद्यमिता सम्मेलन’ सॉलिडरीडाड, द सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SEA) और यूएस सोयाबीन एक्सपोर्ट काउंसिल (USSEC) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का उद्देश्य टिकाऊ खेती को बाजार, पोषण और उद्यमिता से जोड़ते हुए पुनर्योजी सोयाबीन के संपूर्ण इकोसिस्टम को मजबूत करना है। सम्मेलन में तीन प्रमुख पैनल चर्चाएं होंगी। पहली चर्चा ‘टिकाऊ सोयाबीन उत्पादन के लिए पुनर्योजी कृषि पद्धतियों, नवाचारों और तकनीकों का विस्तार’ विषय पर केंद्रित होगी। इसमें स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल पुनर्योजी कृषि पद्धतियों, खेतों में उनके प्रदर्शन, सोयाबीन की उन्नत किस्मों, मशीनीकरण और कटाई के बाद अपनाई जाने वाली तकनीकों पर चर्चा होगी, जिन्हें किसान और किसान उत्पादक संगठन (FPOs) अपने स्तर पर अपना और परख सकते हैं। दूसरी चर्चा ‘पुनर्योजी सोयाबीन मूल्य शृंखला के लिए बाजार संपर्क, ट्रेसेबिलिटी और संग्रहण रणनीतियों को मजबूत करना’ विषय पर होगी। इसमें किसान उत्पादक संगठनों, प्रसंस्करणकर्ताओं, व्यापारियों और आयातकों को एक मंच पर लाकर खरीदारों की आवश्यकताओं, उपज के संग्रहण, उत्पाद की ट्रेसेबिलिटी, मूल्य निर्धारण और खरीद के अवसरों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। तीसरी चर्चा ‘प्रोटीन का अधिकार: पुनर्योजी सोयाबीन के खेतों से भारत की थाली तक’ विषय पर होगी। इसमें देश में प्रोटीन की कमी को दूर करने में सोया की भूमिका को एक किफायती और उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन स्रोत के रूप में रेखांकित किया जाएगा। साथ ही, सोया आधारित खाद्य उत्पादों, फूड-ग्रेड सोयाबीन की उपलब्धता, प्रसंस्करण उपकरणों, खाद्य सुरक्षा, व्यवसाय की आर्थिक व्यवहार्यता और बाजार की संभावनाओं पर चर्चा होगी। विशेष रूप से स्टार्टअप, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों और महिला उद्यमियों के लिए उपलब्ध अवसरों पर भी ध्यान दिया जाएगा।
इस सम्मेलन में सरकारी विभागों, भा.कृ.अ.नु.प संस्थानों, तकनीकी संस्थानों, उद्योग जगत, किसान उत्पादक संगठनों, पोषण विशेषज्ञों और ग्रामीण उद्यमियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसका उद्देश्य सोयाबीन मूल्य शृंखला के विभिन्न स्तरों पर सहयोग और नए अवसरों को बढ़ावा देना है।












Add Comment