दक्षिण एशिया की प्रमुख एक्सप्रेस एयर एवं एकीकृत परिवहन और वितरण कंपनी, ब्लू डार्ट एक्सप्रेस लिमिटेड ने अपनी B2C (बिज़नेस-टू-कंज़्यूमर) सीमा-पार पार्सल शिपिंग सेवा ‘इंटरनेशनल पार्सल कनेक्ट’ शुरू करने की घोषणा की। शुरुआत में यह सेवा भारत से संयुक्त राज्य अमेरिका भेजे जाने वाले पात्र शिपमेंट के लिए उपलब्ध होगी। इसे ई-कॉमर्स व्यवसायों, D2C (डायरेक्ट-टू-कंज़्यूमर) ब्रांड्स, मार्केटप्लेस विक्रेताओं, लघु एवं मध्यम उद्यमों (SMEs) और उभरते निर्यातकों के लिए तैयार किया गया है, जो किफायती और विश्वसनीय तरीके से विदेशी ग्राहकों तक पहुंचना चाहते हैं।
इंटरनेशनल पार्सल कनेक्ट प्रीमियम दरों वाली एक्सप्रेस सेवाओं और कम लागत वाले डाक विकल्पों के बीच एक वैकल्पिक समाधान उपलब्ध कराती है। DHL eCommerce के सहयोग से संचालित यह सेवा भारत में ब्लू डार्ट की परिचालन क्षमताओं और ग्राहक सहायता को एक स्थापित अंतरराष्ट्रीय पार्सल नेटवर्क से जोड़ती है। इसके तहत ग्राहक स्टैंडर्ड और एक्सपीडाइटेड डिलीवरी विकल्पों के साथ अपने शिपमेंट की स्थिति भी जान सकते हैं।
सेवा के शुभारंभ पर टिप्पणी करते हुए, ब्लू डार्ट के प्रबंध निदेशक, बालफोर मैनुअलने कहा, “वर्षों से हमारे ग्राहक अपनी अंतरराष्ट्रीय शिपिंग आवश्यकताओं के लिए ब्लू डार्ट की विश्वसनीय सेवाओं का विस्तार करने का अनुरोध करते रहे हैं। इंटरनेशनल पार्सल कनेक्ट इसी आवश्यकता को पूरा करती है। यह भारत में हमारी परिचालन क्षमताओं को हमारे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की व्यापक पहुंच के साथ जोड़ते हुए एक विश्वस्तरीय समाधान प्रदान करती है। भारतीय उद्यम जब घरेलू बाजार से आगे नए अवसरों की तलाश कर रहे हैं, तब हम ऐसे भरोसेमंद लॉजिस्टिक्स कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो उनकी वैश्विक महत्वाकांक्षाओं को विकास के अवसरों में बदलने में मदद करें।”
ब्लू डार्ट के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी, दिपांजन बनर्जीने कहा, “भारत से B2C ई-कॉमर्स निर्यात का वर्तमान अनुमान लगभग 2 अरब अमेरिकी डॉलर है, जो भारतीय व्यवसायों के लिए विदेशी ग्राहकों तक पहुंचने की संभावनाओं को दर्शाता है। कई विक्रेताओं के लिए अब तक प्रीमियम दरों वाली एक्सप्रेस डिलीवरी और कम लागत वाली डाक सेवाओं के बीच ही विकल्प उपलब्ध रहे हैं। इंटरनेशनल पार्सल कनेक्ट इस अंतर को पाटती है और ग्राहकों को अपनी आवश्यकताओं के अनुसार डिलीवरी की दो गति में से चुनने की सुविधा देती है। शिपमेंट की स्थिति की जानकारी और भारत में ब्लू डार्ट की ग्राहक सहायता व्यवसायों को अपने शिपमेंट पर बेहतर नियंत्रण तथा स्थानीय स्तर पर संपर्क का एक विश्वसनीय माध्यम प्रदान करती है। इससे सीमा-पार शिपिंग अधिक सुलभ और प्रबंधनीय बनती है।”
यह सेवा 50 ग्राम से 11 किलोग्राम तक के पात्र B2C पार्सल के लिए उपलब्ध है। इसमें परिधान एवं फैशन उत्पाद, ऑटोमोबाइल के स्पेयर पार्ट्स, पुस्तकें, हस्तशिल्प, कृत्रिम आभूषण और गलीचे सहित अन्य पात्र मार्केटप्लेस एवं ई-कॉमर्स उत्पाद शामिल हैं। सभी शिपमेंट पर लागू सीमा शुल्क, नियामकीय प्रावधानों तथा वस्तु, वजन और आयाम संबंधी आवश्यकताओं का पालन करना अनिवार्य होगा।
संयुक्त राज्य अमेरिका से शुरुआत करते हुए, ब्लू डार्ट की योजना इंटरनेशनल पार्सल कनेक्ट का विस्तार चरणबद्ध तरीके से अन्य प्रासंगिक बाजारों, जिनमें यूनाइटेड किंगडम, यूरोपीय संघ के देश, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं, तक करने की है। इस पहल का उद्देश्य भारतीय व्यवसायों की वैश्विक ई-कॉमर्स महत्वाकांक्षाओं को समर्थन देना है।













Add Comment