Business Featured

वित्त वर्ष 2030 तक आरसीपीएल का राजस्व 1 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य : ईशा अंबानी

रिलायंस इंडस्ट्रीज की वार्षिक आम बैठक (AGM) को संबोधित करते हुए रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड की कार्यकारी निदेशक ईशा अंबानी ने रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) को रिलायंस समूह के अगले प्रमुख उपभोक्ता विकास इंजनों में से एक के रूप में प्रस्तुत किया। कंपनी ने वित्त वर्ष 2030 तक 1 लाख करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य निर्धारित किया है।

आरसीपीएल की विकास यात्रा का उल्लेख मुकेश अंबानी ने भी अपने संबोधन में किया। उन्होंने कंपनी के उपभोक्ता ब्रांड्स की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता को रिलायंस की व्यापक विनिर्माण और निर्यात रणनीति से जोड़ते हुए कहा, “भारत में हमारे उपभोक्ता ब्रांड्स व्यवसाय की तीव्र वृद्धि ने हमें एक मजबूत और विस्तार योग्य वैश्विक एफएमसीजी व्यवसाय बनाने का विश्वास दिया है।”

ईशा अंबानी ने कहा कि आरसीपीएल ने मात्र तीन वर्षों में एक राष्ट्रीय एफएमसीजी मंच का निर्माण किया है और वित्त वर्ष 2025-26 में अपने राजस्व को दोगुना कर लिया। कंपनी ने 22,000 करोड़ रुपये का सकल राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में दो गुना वृद्धि दर्शाता है। आज कंपनी के उत्पाद निर्यात और फ्रेंचाइज़ी बिक्री के माध्यम से 40 से अधिक देशों में उपलब्ध हैं, जिससे आरसीपीएल एक उभरते हुए वैश्विक भारतीय उपभोक्ता ब्रांड के रूप में स्थापित हो रहा है।

दिसंबर 2025 में रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड से अलग होने के बाद आरसीपीएल अब सीधे रिलायंस इंडस्ट्रीज की सहायक कंपनी बन गई है। ईशा अंबानी ने कहा कि अपने बाजारों, उपभोक्ताओं और दीर्घकालिक लक्ष्यों पर केंद्रित रणनीति ने कंपनी को अपेक्षित परिणाम हासिल करने में मदद की है।

आरसीपीएल के पोर्टफोलियो में कैंपा  सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बनकर उभरा है। इस ब्रांड ने वित्त वर्ष 2025-26 में 4,700 करोड़ रुपये से अधिक की सकल बिक्री दर्ज की और अब यह भारत का चौथा सबसे बड़ा कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक ब्रांड बन चुका है, जिसके प्रमुख बाजारों में दोहरे अंकों की बाजार हिस्सेदारी है।

Topics